मदनपुरा में गोवंश की मौत पर सचिव निलंबित, ग्राम प्रधान को नोटिस, कान्हा गोशाला का निरीक्षण कर बोले उपाध्यक्ष—आदर्श गोशाला बने

महराजगंज, 25 सितम्बर। गोवंश आश्रय स्थल मदनपुरा में अव्यवस्था और एक गोवंश की मौत के मामले में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी ने एसडीएम निचलौल और बीडीओ मिठौरा को तत्काल स्थलीय जांच का निर्देश दिया।

जांच में प्रथम दृष्टया सचिव और ग्राम प्रधान की लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को कार्यवाही के निर्देश दिए। डीपीआरओ ने सचिव कौशलेंद्र कुशवाहा को निलंबित कर दिया है, वहीं ग्राम प्रधान कृष्णमुरारी को धारा 95 (1) जी के तहत नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गोवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कान्हा गोशाला चिउरहा का निरीक्षण

इधर, गो-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित कान्हा गोशाला चिउरहा का निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंश शेड, भूसा कक्ष और हरा चारा आदि की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि गोशाला में कुल 107 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 78 नंदी और 29 गाय शामिल हैं।

उपाध्यक्ष ने गोवंशों को केला और गुड़ खिलाया तथा साफ-सफाई और पोषण व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद इस व्यवस्था को बरकरार रखे और गोशाला को आदर्श स्वरूप में विकसित करे। उनके आगमन पर अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने स्वागत किया।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com